अल्मोड़ा/सोमेश्वर। खेल महाकुंभ के अंतर्गत सोमेश्वर स्थित सोमनाथ ग्राउंड में आयोजित विधानसभा स्तरीय 'विधायक चैंपियन ट्रॉफी' प्रतियोगिता का समापन समारोह रविवार को धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों व खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर मंच व अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
अभिभावकों की सोच में आया सकारात्मक बदलाव
खेल मंत्री ने कहा कि आज खेलों के प्रति समाज और अभिभावकों की सोच में बड़ा बदलाव आया है। अब माता-पिता बच्चों को खेल गतिविधियों में करियर बनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को सीख देते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, इससे निराश होने के बजाय खिलाड़ियों को दृढ़ इच्छाशक्ति और नियमित अभ्यास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
इस दौरान प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों, आयोजकों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

एक टिप्पणी भेजें