खेत-क्यारियों के विवाद में बुजुर्ग महिला की दराती से काटकर हत्या, 75 वर्षीय ‘राजा बाबू’ गिरफ्तार

 


 स्याल्दे के रतखेत गांव की घटना; वारदात के बाद जंगलों में भागे आरोपी को देघाट पुलिस ने 2.30 घंटे में दबोचा

आरोपी की निशानदेही पर आला कत्ल (दराती) बरामद, एसएसपी के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

अल्मोड़ा (देघाट)। जनपद के स्याल्दे क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतखेत (बसई) में खेत-क्यारियों के पुराने विवाद को लेकर एक 75 वर्षीय बुजुर्ग ने 65 वर्षीय महिला की दराती से वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी जंगलों में फरार हो गया, जिसे देघाट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज ढाई घंटे की कॉम्बिंग के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दराती भी बरामद कर ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार (19 सितंबर) को रतखेत निवासी राजे सिंह उर्फ राजा बाबू और उसकी पड़ोसी तुलसी देवी (65 वर्ष) के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि राजे सिंह ने धारदार दराती से तुलसी देवी के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिजनों की सूचना पर थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल महिला को पीएचसी स्याल्दे पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुकदमा दर्ज, जंगलों में घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी

घटना के बाद मृतका के भाई हरीश चन्द्र ढौडियाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

एसएसपी के मार्गदर्शन और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने आसपास के पहाड़ी व जंगली इलाकों में गहन कॉम्बिंग अभियान चलाया और चंद घंटों के भीतर आरोपी राजे सिंह उर्फ राजा बाबू (75 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

4 साल से चल रहा था विवाद: आरोपी

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त राजे सिंह ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसके और मृतका के परिवार के बीच पिछले चार वर्षों से घर के सामने स्थित खेती व क्यारियों को लेकर विवाद चल रहा था। मृतका द्वारा आए दिन गाली-गलौज की जाती थी। शनिवार को भी इसी बात पर हुई कहासुनी के बाद उसने गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस टीम: आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अजेन्द्र प्रसाद, उपनिरीक्षक गंगा राम गोला, हेड कांस्टेबल नीरज बिष्ट, करुण मिश्रा और कांस्टेबल अशोक बिष्ट 

शामिल रहे।

Post a Comment

और नया पुराने