भाकृअनुप–विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, अल्मोड़ा में आज दिनांक 14 सितम्बर 2026 को 'हिन्दी दिवस' एवं 'हिन्दी प्रोत्साहन पखवाड़ा' का उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर संस्थान के अल्मोड़ा एवं हवालबाग परिसर में कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के कार्यवाहक निदेशक डॉ. निर्मल कुमार हेडाऊ एवं प्रधान वैज्ञानिक डॉ. पंकज कुमार मिश्रा द्वारा क्रमश: हवालबाग एवं अल्मोड़ा परिसर में सभी कार्मिकों को हिन्दी दिवस की बधाई देते हुए माननीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह जी चौहान, माननीय सचिव (डेयर) एवं महानिदेशक (भाकृअनुप) डॉ. एम. एल. जाट तथा संस्थान के माननीय निदेशक डॉ. लक्ष्मी कान्त द्वारा जारी किए गए प्रेरणादायक संदेशों एवं अपीलों का कार्मिकों के मध्य सस्वर वाचन किया गया। महानुभावों के इन संदेशों के माध्यम से सभी से दैनिक शासकीय एवं प्रशासनिक कार्यों में राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार में अपना सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया और कथन, "राजभाषा के प्रयोग से न केवल प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आती है, बल्कि आम जनमानस तक अनुसंधान के लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचते हैं", पर अपनी सहमति व्यक्त की।
इस अवसर पर यह भी बताया गया कि आगामी पखवाड़े के दौरान संस्थान में हिंदी लोकोक्तियां एवं मुहावरे, हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन, राजभाषा ज्ञान, यूनिकोड टंकण एवं स्वरचित हिंदी काव्य पाठ जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे कार्मिकों में राजभाषा के प्रति रुचि, सृजनात्मकता और प्रोत्साहन में और अधिक वृद्धि हो सके। कार्यक्रम का समापन हिंदी के उत्थान और प्रगति के संकल्प के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें