दूनागिरी स्कूल में चली जागरूकता की क्लास, पुलिस ने पढ़ाया सुरक्षा का पाठ

 साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा पर विद्यार्थियों को किया जागरूक


अल्मोड़ा,

 चंद्रशेखर घोडके, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा सामाजिक जागरूकता को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।

           इसी क्रम में  प्रभारी निरीक्षक कोतवाली द्वाराहाट के नेतृत्व में वरिष्ठ महिला उपनिरीक्षक श्रीमती मीना आर्या द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज, दूनागिरी (द्वाराहाट) में छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

            कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से सावधान रहने की जानकारी देते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम पुलिस थाना से संपर्क करें, ताकि एमआरएम (Money Restoration Module) के माध्यम से समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराने का प्रयास किया जा सके। साथ ही ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।

           विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को नवीन आपराधिक कानूनों, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग तथा नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उपस्थित छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक नागरिक बनें और यह महत्वपूर्ण जानकारी अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों तक भी पहुँचाएं।

       युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उनसे नशे से दूर रहकर शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया गया। नशे से संबंधित किसी भी सूचना के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 की जानकारी देते हुए बताया गया। (सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।)

     छात्र-छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपदा हेल्पलाइन 1070, डायल 112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता से अवगत कराते हुए किसी भी आपात स्थिति, अपराध अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का निर्भीक होकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

वेब फास्ट न्यूज ब्यूरो ।

Post a Comment

और नया पुराने