हल्द्वानी (नैनीताल)। बनभूलपुरा पुलिस टीम ने मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए 6 दिनों से लापता 12 वर्षीय बालक शिवम को सकुशल बरामद कर लिया है। बालक की सुरक्षित वापसी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया है।
क्या है पूरा मामला?
जवाहर नगर (वार्ड नं. 15, कोतवाली बनभूलपुरा) निवासी श्रीमती ऊषा देवी (पत्नी स्व. श्री पप्पू यादव) ने 8 अगस्त 2026 को थाने में प्रार्थना पत्र देकर सूचित किया था कि उनका 12 वर्षीय पुत्र शिवम 2 अगस्त 2026 की शाम लगभग 7:00 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद भी जब बालक का कोई पता नहीं चला, तब उन्होंने पुलिस की शरण ली।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जांच
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बनभूलपुरा पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 129/2026, धारा 140(3) BNS के तहत मामला पंजीकृत किया। मामले की विवेचना अतिरिक्त उप-निरीक्षक (अ.उ.नि.) पुष्कर आर्या को सौंपी गई।
कोतवाली बनभूलपुरा के प्रभारी निरीक्षक श्री दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में बालक की शीघ्र व सकुशल बरामदगी हेतु एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
CCTV फुटेज खंगालकर मिली सफलता
गठित पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की और दर्जनों सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप लापता बालक शिवम को गौलापार स्टेडियम के सामने वाली गली (बागजाला जाने वाले मार्ग) से सुरक्षित ढूंढ निकाला गया।
आवश्यक कानूनी व विभागीय कार्यवाही पूरी करने के बाद बालक शिवम को उसकी माता श्रीमती ऊषा देवी के सुपुर्द कर दिया गया है। बालक को पाकर माता और परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
अ.उ.नि. पुष्कर आर्या (विवेचक)
कांस्टेबल हरीश रावत
कांस्टेबल हेम चंद डालाकोटी

एक टिप्पणी भेजें