अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर गांधी पार्क में कल होगी श्रद्धांजलि सभा, VIP का नाम सार्वजनिक न होने पर उठाए सवाल



अल्मोड़ा। अंकिता भंडारी हत्याकांड के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर 18 सितंबर को शाम 6:00 बजे नगर के गांधी पार्क में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से अंकिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और न्याय से जुड़े लंबित सवालों पर आवाज उठाई जाएगी।

​उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) के संयोजक अधिवक्ता पी. सी. तिवारी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के जन-संघर्ष को चार साल बीत चुके हैं। सीबीआई जांच की घोषणा के बावजूद आज तक उस कथित 'VIP' का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है, जिसे लेकर प्रदेश की जनता लगातार सवाल पूछ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की चुप्पी और व्यवस्था की जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

​उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास और पर्यटन के नाम पर प्राकृतिक संसाधनों को अनियंत्रित पूंजीवादी व विलासितापूर्ण गतिविधियों की ओर धकेला जा रहा है, जो राज्य के सामाजिक वातावरण के लिए चिंताजनक है।

​श्रद्धांजलि सभा में अल्मोड़ा के सभी सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ताओं, छात्र-युवा और महिला संगठनों, व्यापारियों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं आम जनता से बड़ी संख्या में पहुंचकर अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि देने और न्याय की मुहिम को समर्थन देने की अपील की गई है।

Post a Comment

और नया पुराने