अल्मोड़ा। पुलिस लाइन मैदान में 4 सितंबर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री चंद्रशेखर घोडके के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जिले के कई प्रशासनिक अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों और पुलिस परिवार के सदस्यों ने भाग लिया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का आगाज
जन्माष्टमी समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि अल्मोड़ा मेयर श्री अजय वर्मा, जिला न्यायाधीश श्री श्रीकांत पाण्डेय, जिलाधिकारी श्री अंशुअल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीराम जी शरण शर्मा, आईटीबीपी लेफ्टिनेंट कर्नल श्री अमित कुमार, एनसीसी बटालियन कर्नल श्रीमती विजया कुलकर्णी, पूर्व विधायक श्री कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री महेश नयाल तथा अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस परिवार के नन्हे-मुन्ने बाल कलाकारों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली लोकनृत्य, भजन, नाटक और हास्य प्रस्तुतियां दीं। दर्शकों से भरे पुलिस लाइन मैदान में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में पूरा माहौल उत्साह से सराबोर हो गया और दर्शकों ने जमकर जश्न मनाया।
थाना-वार आकर्षक झांकी प्रतियोगिता
अल्मोड़ा पुलिस के विभिन्न थानों, फायर स्टेशन, यातायात शाखा और पुलिस दूरसंचार द्वारा भव्य एवं आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। निर्णायक मंडल के कठिन मूल्यांकन के बाद विजेताओं की घोषणा की गई:
प्रथम स्थान: यातायात पुलिस एवं पुलिस दूरसंचार अल्मोड़ा की झांकी
द्वितीय स्थान: फायर स्टेशन अल्मोड़ा एवं रानीखेत की झांकी
तृतीय स्थान: कोतवाली सोमेश्वर एवं थाना धौलछीना की झांकी
एसएसपी अल्मोड़ा द्वारा सभी विजेता एवं प्रतिभागी टीमों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
रात्रि 12 बजे हुआ जन्मोत्सव और महापूजा
रात ठीक 12 बजे पुलिस लाइन परिसर स्थित मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। जिला न्यायाधीश, एसएसपी, प्रशासनिक अधिकारियों और आम जनता ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दर्शन कर पूजा की, जिसके बाद सभी में प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन अपर उप-निरीक्षक (दूरसंचार) श्रीमती चंद्रकला कोरंगा और महिला आरक्षी श्रीमती प्रियदर्शनी इंदिरा ने किया। पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था प्रतिसार निरीक्षक श्री रमेश चंद्र और लाइन सूबेदार उप-निरीक्षक श्री मोहित कुमार की देखरेख में संपन्न हुई।




एक टिप्पणी भेजें