ग्राम रैलाकोट में स्वास्थ्य शिविर एवं डेंगू जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 


अल्मोड़ा। जनस्वास्थ्य गतिविधियों के अंतर्गत प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) जी.एस. तितयाल एवं प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, सामुदायिक चिकित्सा विभाग, डॉ. सुनील के निर्देशन में ग्राम रैलाकोट में स्वास्थ्य शिविर एवं डेंगू जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।


स्वास्थ्य शिविर के दौरान कुल 57 मरीजों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान ग्रामीणों के ब्लड प्रेशर (BP) एवं ब्लड शुगर की मॉनिटरिंग की गई तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।



कार्यक्रम के अंतर्गत एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मशरूफ खान एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंशुल ममगाईं द्वारा डेंगू विषय पर जागरूकता व्याख्यान दिया गया। उन्होंने ग्रामीणों को डेंगू के कारण, प्रमुख लक्षण, संक्रमण से बचाव तथा रोकथाम के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों को घरों एवं आसपास पानी जमा न होने देने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही डेंगू के संभावित लक्षण दिखाई देने पर समय पर स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।



इस अवसर पर डॉ. पुष्पित गुप्ता, डॉ. भावना, डॉ. दीप चंद्र एवं नरेश आगरी, मेडिकल सोशल वेलफेयर ऑफिसर ने स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग प्रदान किया। साथ ही एमबीबीएस इंटर्न प्रियंशु, शिवानी, रक्षित राज एवं रुपांगी पांडेय ने स्वास्थ्य स्क्रीनिंग, ग्रामीणों से संपर्क एवं डेंगू जागरूकता गतिविधियों में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।


कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान श्रीमती दया रावत एवं ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा। ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हुई।



कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम, समय पर पहचान, उचित उपचार तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने तथा समुदाय को रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Post a Comment

और नया पुराने