गौरवमयी उपलब्धि: अल्मोड़ा नराकास को मिला "प्रशंसनीय श्रेणी" का राष्ट्रीय पुरस्कार।


मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के छठें अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान आज दिनांक 15 सितम्बर 2026 को अल्मोड़ा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) को "प्रशंसनीय श्रेणी" के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि संपूर्ण अल्मोड़ा क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है। यह पुरस्कार श्रीमती अंशुली आर्या (आईएएस) सचिव, राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार एवं अन्य गणमान्यों द्वारा अल्मोड़ा नराकास के अध्यक्ष एवं भाकृअनुप- विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कांत तथा सदस्य सचिव, मुख्य तकनीकी अधिकारी एवं प्रभारी राजभाषा अधिकारी श्रीमती रेनू सनवाल को प्रदान किया गया। अल्मोड़ा नराकास के अंतर्गत अल्मोड़ा जिले के 32 केंद्रीय कार्यालय, उपक्रम, बैंक, सशस्त्र सीमा बल आदि आते हैं । इतने दूरस्थ होने पर भी अध्यक्ष कार्यालय द्वारा यह सम्मान प्राप्त करना अपने आप में एक विशेष उपलब्धि है जिसके लिए अल्मोड़ा नराकास के अंतर्गत आने वाले सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, बैंकों और संस्थानों के विभागाध्यक्ष एवं राजभाषा अधिकारी धन्यवाद के पात्र हैं।

राजभाषा अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप दैनिक कार्य-व्यवहार में हिंदी के सहज और प्रभावी कार्यान्वयन के लिए सभी सदस्यों की निष्ठा और सतत प्रयास सराहनीय रहे हैं। यह प्रतिष्ठित सम्मान सभी के सामूहिक प्रयासों, एकजुटता और प्रतिबद्धता का ही सुखद परिणाम है।

Post a Comment

और नया पुराने