अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज को मिले नए प्राचार्य: डॉ. जी. एस. तितियाल संभालेंगे कमान, डॉ. चन्द्रप्रकाश भैसोड़ा का रुद्रपुर तबादला।

 


अल्मोड़ा / देहरादून।

उत्तराखंड के चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। शासन द्वारा जारी ताजा स्थानांतरण आदेश के तहत राज्य के विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों और वरिष्ठ संकाय सदस्यों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है। इस कड़ी में शोभन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज) को भी नया प्राचार्य मिल गया है।

शासन द्वारा 03 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्राचार्य डॉ. जी. एस. तितियाल को अब अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज का नया प्राचार्य नियुक्त किया गया है। वहीं, अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में अब तक प्राचार्य पद पर तैनात रहे डॉ. चन्द्रप्रकाश भैसोड़ा का स्थानांतरण राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में प्राचार्य पद पर कर दिया गया है।

अन्य प्रमुख तबादले एवं बदलाव:

डॉ. अजय कुमार आर्य: निदेशक, चिकित्सा शिक्षा के प्रभार से स्थानांतरित कर प्राचार्य, रा. मे. कॉ. हल्द्वानी बनाए गए।

डॉ. आशुतोष सयाना: प्राचार्य (श्रीनगर) से निदेशक, चिकित्सा शिक्षा का प्रभार सौंपा गया।

डॉ. चंद्र मोहन सिंह रावत: प्राचार्य (हरिद्वार) से प्राचार्य, रा. मे. कॉ. श्रीनगर बनाए गए।

डॉ. पंकज सिंह: प्रोफेसर (हल्द्वानी) को प्रभारी प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है।

तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश

संयुक्त सचिव शिवेंद्र नारायण सिंह द्वारा जारी इस आदेश में सभी अधिकारियों/प्राचार्यों को जनहित एवं शासकीय हित में तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में डॉ. तितियाल की नियुक्ति से संस्थान के प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने