रुड़की। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के जौरासी गांव से एक अजीबोगरीब और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मामूली सी कहासुनी के बाद एक युवक इस कदर आपा खो बैठा कि उसने फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर अपने ही सगे भाई की बाइक के परखच्चे उड़ा दिए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मामूली बात पर भड़का गुस्सा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जौरासी गांव निवासी अली हसनैन उर्फ 'अन्ना' का अपने सगे भाई उमर फारूक से किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया था। देखते ही देखते अन्ना का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वह घर के भीतर से फावड़ा उठा लाया और सड़क पर खड़ी भाई की बाइक पर ताबड़तोड़ वार करने लगा।
ग्रामीणों की नहीं सुनी, बाइक को बना दिया कबाड़
अन्ना को इस रूप में देखकर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने उसे रोकने और शांत कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन गुस्से में अंधा हो चुका अन्ना किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ। वह तब तक बाइक पर फावड़ा बरसाता रहा, जब तक कि वह पूरी तरह से कबाड़ में तब्दील नहीं हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद पीड़ित भाई उमर फारूक ने सिविल लाइन कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और लिखित तहरीर सौंपी। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर आरोपी अन्ना को हिरासत में ले लिया।
पुलिस का बयान:
सिविल लाइन कोतवाली पुलिस के अनुसार, पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें