विवेकानन्द इण्टर कॉलेज, रानीधारा के कैडेटों ने एनसीसी शिविर में दिखाई उत्कृष्ट प्रतिभा
बीटीकेआईटी द्वाराहाट में एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का चतुर्थ दिवस संपन्न
कमान अधिकारी कर्नल जितेन्द्र शर्मा के कुशल नेतृत्व में बिपिन त्रिपाठी कुमाऊँ प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी), द्वाराहाट में 77 यूके वाहिनी एनसीसी, अल्मोड़ा द्वारा आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) एवं नैनीताल ग्रुप एनसीसी के टीएससी कैडेट्स प्रशिक्षण शिविर का आज चतुर्थ दिवस उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण के साथ संपन्न हुआ।
शिविर का शुभारम्भ 9 जून 2026 को हुआ था, जिसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों के लगभग 500 एनसीसी कैडेट भाग लेकर सैन्य एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। चौथे दिन क्षेत्र में भारी वर्षा होने के बावजूद कैडेटों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। प्रतिकूल मौसम के बीच भी सभी कैडेटों ने पूर्ण निष्ठा एवं जोश के साथ निर्धारित प्रशिक्षण गतिविधियों में सहभागिता की।
विशेष रूप से विवेकानन्द इण्टर कॉलेज, रानीधारा के एनसीसी कैडेटों ने शिविर की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। विद्यालय के कैडेट प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाकर अन्य कैडेटों के लिए प्रेरणास्रोत बने।
आज आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में योग एवं शारीरिक व्यायाम, .22 रायफल से फायरिंग, ड्रोन संचालन एवं उसके व्यावहारिक उपयोग, आपदा प्रबंधन तथा सैन्य विषयों से संबंधित विभिन्न प्रशिक्षण शामिल रहे। युवा आपदा मित्र एवं एसडीआरएफ टीम द्वारा कैडेटों को आपदा के समय प्रभावी ढंग से कार्य करने हेतु विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे भविष्य में आपात परिस्थितियों का सामना करने में सक्षम बन सकें।
ड्रोन प्रशिक्षण कैडेटों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अतिरिक्त शिविर में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें कैडेटों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साथ ही कैडेटों को सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करते हुए रक्तदान हेतु प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया गया।
आगामी दिनों में विभिन्न प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नेतृत्व विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण संबंधी गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे कैडेटों के सर्वांगीण विकास को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।
इस अवसर पर एडमिनिस्ट्रेटिव अफसर लेफ्टिनेंट कर्नल जे.सी. पंत, सूबेदार मेजर जगदीश सिंह मेहता, कैप्टन महिपाल सिंह, कैप्टन कृष्णानन्द, कैप्टन विनोद कुमार, कैप्टन दया रावत, लेफ्टिनेंट अशोक कुमार, सेकेंड अफसर अर्जुन सिंह, सेकेंड अफसर हीरा टम्टा, जानकी अधिकारी सहित सैन्य स्टाफ एवं पीआई स्टाफ उपस्थित रहे। ड्रिल इंस्ट्रक्टर राजेन्द्र सिंह तथा अन्य प्रशिक्षकों द्वारा कैडेटों को गार्ड एवं ड्रिल का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें