अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-बागेश्वर जिला सहकारी बैंक (DCB) के डायरेक्टर पद के चुनाव में शुक्रवार को एक बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला। DCB चेयरमैन पद की प्रबल दावेदार मानी जा रही केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा की छोटी बहू (छोटे भाई की पत्नी) कंचन टम्टा को भाजपा के ही नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने चुनावी मुकाबले में हरा दिया।
11 निदेशक निर्विरोध, दो सीटों पर हुआ मतदान
अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों की सहकारी समितियों से कुल 13 निदेशक चुने जाने थे। इनमें से 11 निदेशकों का चयन पहले ही निर्विरोध संपन्न हो चुका था।
शुक्रवार को विशेष समितियों और लमगड़ा क्षेत्र के लिए चुनाव प्रक्रिया आयोजित की गई:
विशेष समिति सीट: इस सीट पर सीधा मुकाबला विनीत बिष्ट और कंचन टम्टा के बीच था। कुल 77 विशेष समितियों में से 51 सदस्यों ने मतदान किया। वोटों की गिनती के बाद विनीत बिष्ट को 39 वोट मिले, जबकि कंचन टम्टा को महज 9 वोट प्राप्त हुए। 3 मत अवैध पाए गए।
लमगड़ा सीट: यहाँ हरीश सतवाल को 28 में से 17 वोट मिले, जबकि जानकी देवी को 10 वोट प्राप्त हुए। यहाँ 1 वोट अवैध रहा।
निर्वाचित निदेशकों की सूची (इन्हीं में से चुना जाएगा नया DCB चेयरमैन)
सहकारी बैंक का नया चेयरमैन नीचे दिए गए चुने हुए 13 निदेशकों के बीच से ही बनाया जाएगा:
कपकोट: नरेंद्र राम
गरुड़: भावना जोशी
चौखुटिया: विमला देवी
ताकुला: पुष्पा भाकुनी
ताड़ीखेत: नीमा देवी
धौलादेवी: मोहन सिंह सिंगवाल
बागेश्वर: महेश चंद्र
भैंसियाछाना: गणेश सिंह
लमगड़ा: हरीश सिंह
विशेष समिति: विनीत बिष्ट
स्याल्दे: हृदयेश मेहरा
सल्ट: विक्रम सिंह
हवालबाग: मिली लटवाल
चुनाव में सियासी खिंचतान की चर्चा
पूर्व में मानसून का हवाला देते हुए सहकारी बैंकों के चुनाव स्थगित कर दिए गए थे। हालांकि राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर रही कि चुनाव टालने की असली वजह मानसूनी मौसम नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर चल रही सियासी खींचतान थी। शुक्रवार को नतीजे आने के साथ ही इस पर से पर्दा उठ गया है।


एक टिप्पणी भेजें