जीआईसी लोधिया के होनहार छात्र देवेंद्र लटवाल ने लहराया परचम, मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति के लिए हुआ चयन।


अल्मोड़ा:

हवालबाग विकासखंड अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया के नौवीं कक्षा के छात्र देवेंद्र सिंह लटवाल ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना में स्थान हासिल किया है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में देवेंद्र ने यह सफलता प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि यह परीक्षा 7 जुलाई 2026 को आयोजित की गई थी।

देवेंद्र की यह शैक्षणिक यात्रा पहले भी शानदार रही है—वे कक्षा छह में भी मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर चुके हैं। पढ़ाई में अव्वल रहने के साथ-साथ देवेंद्र खेलकूद और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। वे हॉकी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

अपनी इस उपलब्धि का श्रेय देवेंद्र ने अपने माता-पिता और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया है। छात्र की इस शानदार सफलता से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य हरेंद्र सिंह बिष्ट, उनके चाचा हिमांशु लटवाल, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा स्थानीय ग्रामीणों ने देवेंद्र को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की है।

Post a Comment

और नया पुराने