अल्मोड़ा, 3 अगस्त:
अल्मोड़ा दुग्ध संघ के अध्यक्ष गिरीश खोलिया ने संघ के प्रधान प्रबंधक जी. एस. मौर्य द्वारा चुपचाप दूध के क्रय मूल्य में 1 रुपये प्रति लीटर की कटौती किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
आज जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में खोलिया ने कहा कि एक तरफ जहां सरकार ने रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं को मुफ्त बस सेवा और कई अन्य सुविधाएं देने की घोषणा की है, वहीं दूसरी तरफ दुग्ध संघ प्रशासन ने इस व्यवसाय से जुड़ी मेहनतकश महिलाओं को बड़ा झटका दिया है। उन्होंने कहा कि दिन-रात कड़ी मेहनत और खून-पसीना बहाकर दूध उत्पादन करने वाली माताओं-बहनों को रक्षाबंधन के तोहफे के रूप में दूध के दाम घटाकर "धीरे से जोर का झटका" दिया गया है।
अध्यक्ष ने बताया कि पिछले आदेश के क्रम में यह कटौती इतनी चालाकी और खामोशी से की गई कि अधिकांश दुग्ध उत्पादकों को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। इस फैसले से क्षेत्र के तमाम मेहनतकश दुग्ध उत्पादकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
गिरीश खोलिया ने कहा कि यह घटनाक्रम उन लोगों के लिए भी एक कड़ा सबक है जो दुग्ध संघ की प्रबंध कमेटी को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि चुनाव आचार संहिता समाप्त होते ही दुग्ध उत्पादकों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर उग्र संघर्ष किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें