UKSSSC की लिखित परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष संपन्न कराने हेतु अल्मोड़ा पुलिस पूरी तरह तैयार
एसएसपी अल्मोड़ा ने परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किया ब्रीफ, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
चंद्रशेखर घोडके, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा द्वारा दिनांक 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की लिखित परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 13.06.2026 को पुलिस लाइन अल्मोड़ा सभागार में परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को ब्रीफ कर परीक्षा से संबंधित प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के
उद्देश्य से कस्बा अल्मोड़ा को 01 जोन एवं 06 सेक्टरों तथा कस्बा रानीखेत को 01 जोन एवं 03 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। संपूर्ण परीक्षा का नोडल पुलिस अधिकारी *अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा श्री हरबन्स सिंह* एवं अल्मोड़ा जोन में *सीओ अल्मोड़ा श्री बलवन्त सिंह रावत* तथा रानीखेत जोन में *सीएफओ अल्मोड़ा श्री नरेन्द्र सिंह कुंवर* को जोनल पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
*परीक्षा ड्यूटी हेतु दिए गए प्रमुख निर्देश:-*
• सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से सघन जांच एवं फ्रिस्किंग की जाएगी।
• परीक्षा को प्रभावित करने वाले असामाजिक एवं संदिग्ध तत्वों पर सतर्क निगरानी रखी जायेगी।
• कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच अथवा अन्य किसी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ प्रवेश न कर सके, इसके लिए गहन चेकिंग की जाएगी।
• परीक्षा केंद्रों में नियुक्त कार्मिकों एवं कर्मचारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन अथवा अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर नही जायेगे।
• जोनल एवं सेक्टर अधिकारी निरंतर भ्रमणशील रहकर ड्यूटी एवं व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे।
• प्रभारी यातायात को ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखेगे, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
• परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाएगी तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।
• सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में होटल, लॉज एवं गेस्ट हाउसों में ठहरने वाले बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन एवं सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जायेगी।
• थाना प्रभारी जनपद में संचालित कोचिंग सेंटरों के संचालकों एवं कर्मचारियों के साथ समंवय बैठक आयोजित करते हुए परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देगे।
• सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों पर सतर्क निगरानी रखी जायेगी।
• परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अल्मोड़ा पुलिस समस्त अभ्यर्थियों को आगामी परीक्षा हेतु हार्दिक शुभकामनाएं प्रदान करती है तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सभी से सहयोग की अपेक्षा करती है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें