उत्तराखंड के क्षेत्रीय विकास और जन-सरोकारों की राजनीति को नई दिशा देने के उद्देश्य से आज उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अल्मोड़ा में अपने नए जिला कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित माननीय काशी सिंह ऐरी जी, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी जी और युवा मोर्चा के केन्द्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप रावत जी की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस दौरान यूकेडी के केंद्रीय मंत्री मुन्ना गोस्वामी जी और जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी जी सहित कई अन्य वरिष्ठ गणमान्य भी मौजूद रहे। इस कार्यालय के खुल जाने से यूकेडी की विचारधारा रखने वाले लोग अब एकजुट होकर उत्तराखंड के हितों की रक्षा और विकास के मुद्दों पर अधिक प्रखरता से चर्चा और कार्य कर सकेंगे।
इस भव्य समारोह के दौरान अल्मोड़ा क्षेत्र में पिछले 10 वर्षों से सामाजिक क्षेत्र में निरंतर सक्रिय और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहने वाले प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला जी ने यूकेडी की सदस्यता ग्रहण की।
उनके इस जुड़ाव को और अधिक मजबूती देते हुए क्षेत्र के कई नगर निगम पार्षदों, ग्राम प्रधानों, सैकड़ों महिलाओं, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने भी दल का दामन थामा और यूकेडी परिवार का हिस्सा बने। नए सदस्यों का स्वागत करते हुए वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी जी ने कहा कि विनय किरौला जैसे कर्मठ और ऊर्जावान युवाओं का जुड़ना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि उत्तराखंड का युवा अब दल की मूल भावनाओं और नीतियों को गहराई से समझ रहा है और इससे जुड़ने के लिए आतुर है।
वहीं, द्वाराहाट के पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी जी ने विश्वास जताया कि यह कार्यालय राज्य स्थापना के मूल उद्देश्यों की पूर्ति के लिए एक नई ऊर्जा, उमंग और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करेगा।
युवा मोर्चा के केन्द्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप रावत ने इसे बूथ स्तर के मैनेजमेंट की ठोस शुरुआत बताते हुए कहा कि युवाओं का इस तरह खुले दिल से आना दर्शाता है कि उत्तराखंड के स्वाभिमान की यात्रा अब और मजबूती से आगे बढ़ेगी, जबकि जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी जी ने इसे संगठन के लिए एक अत्यंत सकारात्मक संदेश करार दिया।
दल की सदस्यता लेने के बाद विनय किरौला ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों से वे और उनके साथी जिस क्षेत्रीय विकास, ग्रामीण उत्थान और पहाड़ी समाज की प्रगति के लिए धरातल पर निरंतर संघर्ष कर रहे हैं, उत्तराखंड क्रांति दल ही एकमात्र ऐसा संगठन है जो सदैव उस मूल सोच पर अडिग रहा है।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि यूकेडी के साथ जुड़कर अब अल्मोड़ा और संपूर्ण उत्तराखंड की तरक्की की रफ्तार को और अधिक तेज किया जाएगा। इस पूरे गरिमामयी कार्यक्रम में दल के शीर्ष पदाधिकारियों, भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मातृशक्ति के अलावा कई प्रमुख साथी भी उपस्थित रहे।
साथ ही आज अल्मोड़ा नगर निगम की पार्षद कमला किरौला, प्रधान संजय सिंह कनवाल, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ से गोविंद कनवाल पाखुड़ा, नौगांव कांकड़ी घाट से मनोहर सिंह परिहार जी, सूरज सिंह कपकोटी, नैणी बाराकोट के ग्राम प्रधान दिनेश कुमार, सल्ला की ग्राम प्रधान सरिता देवी और बल्टा से जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी जीवन सिंह बिष्ट आदि अन्य लोगों सैकड़ो लोगों ने भी सदस्या ली।
