"जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ"; योग से स्वस्थ एवं सशक्त समाज निर्माण का आह्वान।



आज दिनांक 28 जून 2026 को योगनिलयम् (योग एवं वैदिक अध्ययन शोध संस्थान) द्वारा रैमजे इंटर कॉलेज,अल्मोड़ा में जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ आज भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मेयर श्री अजय वर्मा, विशिष्ट अतिथि जिला आयुर्वेद अधिकारी मोहम्मद शाहिद जी, विशिष्ट अतिथि प्रेम लटवाल जी, पंकज बिष्ट जी तथा विवेकानन्द हिमालयी विकास केन्द्र के संयोजक श्री दीपक पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि श्री अजय वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ मोहम्मद शाहिद जी ने कहा कि योग और आयुर्वेद भारत की प्राचीन एवं वैज्ञानिक जीवन पद्धतियाँ हैं। नियमित योगाभ्यास से अनेक रोगों की रोकथाम संभव है तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विवेकानन्द हिमालयी विकास केन्द्र के संयोजक श्री दीपक पाण्डेय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुँचाना तथा युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना का विकास करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम में योगनिलयम् शोध संस्थान के योग प्रशिक्षक मनमोहन सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं योग संस्थानों से बड़ी संख्या में प्रतिभागी विभिन्न आयु वर्गों में ट्रेडिशनल एवं आर्टिस्टिक योगासन स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।

उद्घाटन सत्र के पश्चात विभिन्न आयु वर्गों की प्रतियोगिताएँ प्रारंभ हुईं, जिनमें प्रतिभागियों ने संतुलन, लचीलापन एवं योग कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों एवं निर्णायकों को प्रभावित किया। उदघाटन कार्यक्रम का संचालन दिव्या जोशी द्वारा किया गया एवं प्रतियोगिता का संचालन अमितेश बिष्ट द्वारा किया गया। कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका में श्वेता पुनेठा, अनंत बिष्ट, प्रेरणा बिष्ट, रुचि साह, दीक्षा अग्निहोत्री, बबीता कांडपाल, निशा नयाल रहे।

जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता में , अभिभावकों, योग प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

Post a Comment

और नया पुराने