प्रतिष्ठित USAII Global AI Hackathon 2026 in Africa (capetown) के हाई स्कूल ट्रैक में प्रतिभाग करके लौटे मयंक

अल्मोड़ा


विवेकानंद इंटर कॉलेज रानीधारा,अल्मोड़ा के 12 वीं कक्षा के छात्र मयंक बिष्ट दिनांक 19 जून 2026 से 22 जून 2026 के बीच प्रतिष्ठित USAII Global AI Hackathon 2026 in Africa (capetown) के हाई स्कूल ट्रैक में प्रतिभाग करके अपने गृह क्षेत्र अल्मोड़ा पहुंच गए है। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर मयंक ने दुनिया भर के 85 से अधिक देशों की 25,000 टीमों के बीच कड़ा मुकाबला करते हुए वैश्विक स्तर पर 23 वीं रैंक प्राप्त की।

   इस वैश्विक प्रतियोगिता में मयंक ने 100 में से 98 का उत्कृष्ट स्कोर हासिल करते हुए दुनिया भर में 23वीं वैश्विक रैंक (Global Rank #23) प्राप्त की। अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक तकनीकी अनुभव (Practical Tech Experience) को मजबूत करने के लिए मयंक ने टेक कंपनी Uplyx Solutions के साथ एक 'सिस्टम्स इंजीनियरिंग इंटर्नशिप' भी सफलतापूर्वक पूरी की है। 

    भविष्य में मयंक का लक्ष्य माइक्रो-इलेक्ट्रॉनिक्स, एआई और आईओटी (IoT) जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से वास्तविक सामाजिक और ग्रामीण समस्याओं के लिए व्यावहारिक व प्रभावी समाधान विकसित करना है।

    विद्यालय के भौतिक विज्ञान प्रवक्ता श्री दीपक सिंह मेहता जी के मार्गदर्शन में, मयंक पिछले कुछ समय से विज्ञान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक्स के क्षेत्र में निरंतर नवाचार (Innovation) कर रहे हैं।

   मयंक ने राज्य स्तर से लेकर वैश्विक मंचों तक अपनी तकनीकी क्षमताओं को साबित किया है। हाल ही में, मयंक ने राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT) उत्तराखंड द्वारा आयोजित 'हैकाथॉन 2.0' में पूरे राज्य के 2,800 से अधिक प्रतियोगियों के बीच प्रथम स्थान (First Position) प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, मयंक ने देश के सर्वोच्च वैज्ञानिक संस्थान, भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु में आयोजित 'Artpark RoboArena: AI Edition' के नेशनल राउंड में अपने राज्य उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने प्रोजेक्ट को प्रदर्शित करने का गौरव प्राप्त किया ।

   मयंक की इस उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्य श्री आलम सिंह उनियाल, पूर्व प्रधानाचार्य श्री मोहन सिंह रावल, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों सहित समस्त विद्यालय परिवार ने मयंक को अपनी शुभकामनाएं दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Post a Comment

और नया पुराने