जिला गंगा सुरक्षा समिति की बैठक में कोसी एवं रामगंगा नदियों के संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण पर जोर


जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज जिला गंगा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कोसी एवं रामगंगा नदियों के संरक्षण, नदी क्षेत्रों की स्वच्छता तथा नदियों में प्रदूषण की रोकथाम से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।


बैठक में दोनों नदियों के फ्लड प्लेन जोन की रिपोर्टों की समीक्षा तथा इन क्षेत्रों की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नामित करने पर चर्चा हुई। जल संस्थान ने बख स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के उन्नयन और पेयजल निगम ने पांडे खोला स्थित एसटीपी के कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। सीवरेज नेटवर्क से संबंधित संचालित एवं प्रस्तावित कार्यों पर भी चर्चा की गई।


जिलाधिकारी ने नदी किनारे ठोस अपशिष्ट के समुचित निस्तारण एवं स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने, पुराने संचित कचरे के निस्तारण में तेजी लाने तथा नगर की जल निकासी व्यवस्था में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।


उन्होंने जिला पंचायत राज विभाग को सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों को पहले नोटिस देने और अनुपालन न करने पर चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगर निगम को सभी वार्डों में जागरूकता अभियान चलाने तथा अधिकारियों को स्वयं प्रतिभाग कर लोगों को स्वच्छता एवं नदी संरक्षण के प्रति जागरूक करने को कहा।


बैठक में स्वजल विभाग के सोक पिट निर्माण की प्रगति तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ नदी संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।


बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, परियोजना अधिकारी गंगा सुरक्षा समिति रंजीता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


जिला सूचना अधिकारी, अल्मोड़ा

Post a Comment

और नया पुराने