अल्मोड़ा
मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम्य विकास विभाग, अल्मोड़ा के तत्वावधान में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक मल्ला महल, अल्मोड़ा में तीन दिवसीय आजीविका सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय किसानों, ग्रामीण उद्यमियों एवं कारीगरों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। इस दौरान स्थानीय उत्पादों, पहाड़ी खाद्य पदार्थों, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देना, महिला स्वयं सहायता समूहों की आजीविका को सशक्त बनाना तथा स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं एवं स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि करने में सहायता मिलेगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आयोजित यह मेला ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मल्ला महल, अल्मोड़ा में आयोजित आजीविका सरस मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें तथा महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों एवं ग्रामीण उद्यमियों का उत्साहवर्धन करें।
जिला सूचना अधिकारी, अल्मोड़ा

एक टिप्पणी भेजें