अल्मोड़ा पूर्व दर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ खिलाड़ी बिट्टू कर्नाटक की पहल और जिलाधिकारी अंशुल सिंह की सतत निगरानी से डायट मैदान का कायाकल्प, खिलाड़ियों को मिलेगी आधुनिक क्रिकेट पिच, हाई बीम लाइट, दर्शक दीर्घा और सुरक्षा व्यवस्था
अल्मोड़ा-अल्मोड़ा जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए लंबे समय से जिस आधुनिक खेल मैदान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी वह अब साकार होती दिखाई दे रही है।कर्नाटक खोला स्थित डायट खेल मैदान का व्यापक कायाकल्प किया गया है। यह परिवर्तन पूर्व दर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ खिलाड़ी बिट्टू कर्नाटक की पहल तथा जिलाधिकारी अंशुल सिंह की लगातार निगरानी और अथक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।वर्षों तक उपेक्षा का शिकार रहा यह मैदान अब आधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।मैदान के विकसित होने से न केवल क्रिकेट खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय अभ्यास का अवसर मिलेगा बल्कि आने वाले समय में जिले में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।डायट मैदान में खिलाड़ियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली तीन क्रिकेट पिच तैयार की गई है।अब खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।आधुनिक तकनीक से तैयार पिच पर नियमित अभ्यास कर खिलाड़ी अपनी तकनीक और प्रदर्शन को बेहतर बना सकेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि अच्छी पिच पर अभ्यास किसी भी खिलाड़ी के विकास की पहली आवश्यकता होती है और अब अल्मोड़ा के खिलाड़ियों को यह सुविधा अपने ही जिले में उपलब्ध होगी।पहाड़ों में दिन जल्दी ढलने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता था।इस समस्या को देखते हुए मैदान में हाई बीम फ्लडलाइट लगाने की व्यवस्था की गई है जो बहुत मैदान की शोभा बढ़ाएंगी।इसके बाद खिलाड़ी सुबह-शाम ही नहीं बल्कि रात्रि में भी अभ्यास कर सकेंगे।इससे प्रतियोगिताओं की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों को विशेष लाभ मिलेगा।पहले मैदान में खिलाड़ियों के साथ आने वाले अभिभावकों और खेल प्रेमियों के बैठने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी,अब मैदान में दर्शक दीर्घा विकसित की गई है, जहां बैठकर लोग आराम से अभ्यास और प्रतियोगिताओं का आनंद ले सकेंगे,यह सुविधा स्थानीय खेल आयोजनों को भी अधिक व्यवस्थित और आकर्षक बनाएगी। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और मजबूत चहारदीवारी
खेल मैदान की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं,इसके अलावा मजबूत चहारदीवारी और मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण भी कराया गया है,इससे मैदान की संपत्ति सुरक्षित रहेगी तथा खिलाड़ियों को भी सुरक्षित वातावरण मिलेगा।डायट मैदान के निर्माण कार्य की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि जिलाधिकारी अंशुल सिंह स्वयं समय-समय पर मौके पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं,निर्माण कार्य की गुणवत्ता से लेकर प्रत्येक सुविधा पर उनकी विशेष नजर बनी हुई है।जिलाधिकारी का उद्देश्य केवल मैदान का निर्माण कराना नहीं बल्कि ऐसा खेल परिसर तैयार करना है जो आने वाले वर्षों तक खिलाड़ियों की जरूरतों को पूरा कर सके।
शनिवार को पूर्व दर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ खिलाड़ी बिट्टू कर्नाटक ने मैदान का निरीक्षण कर चल रहे कार्यों का जायजा लिया।उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अल्मोड़ा की खेल प्रतिभाओं को अब बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रही है,उन्होंने कहा कि पहाड़ों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है आवश्यकता केवल उन्हें उचित संसाधन और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की है, उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह मैदान युवाओं के लिए नई ऊर्जा और नए अवसर लेकर आएगा, उन्होंने कहा कि मैदान के नये स्वरूप को देखकर स्थानीय खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि पहले अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं नहीं थीं लेकिन अब उच्च स्तरीय पिच,प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षित वातावरण मिलने से वे अधिक मेहनत कर सकेंगे। इस कार्य हेतु अभिभावकों ने भी उत्कृष्ट पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब उनके बच्चों को बेहतर खेल सुविधाएं अपने जिले में ही मिलेंगी, और खिलाड़ियों का मानना है कि यदि इसी प्रकार खेल आधारभूत संरचना विकसित होती रही तो अल्मोड़ा आने वाले वर्षों में क्रिकेट सहित अन्य खेलों में भी अपनी अलग पहचान बना सकेगा।आधुनिक सुविधाओं से लैस डायट मैदान भविष्य में जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।खेल प्रेमियों का कहना है कि यह मैदान केवल एक खेल परिसर नहीं,बल्कि अल्मोड़ा के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला मंच साबित होगा। श्री कर्नाटक ने कहा कि आने वाले समय में यहां से कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। वरिष्ठ खिलाड़ी बिट्टू कर्नाटक ने डायट मैदान को अत्याधुनिक बनाने के लिए विशेष प्रयास करने वाले जिलाधिकारी अंशुल सिंह को विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य के लिए जिस तरह इस मैदान का कायाकल्प करवाया है वह अभूतपूर्व है।निरीक्षण के दौरान पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक के साथ देवेंद्र कर्नाटक, कमलेश कर्नाटक, रमेश जोशी, हयात सिंह बिष्ट, अभिषेक तिवारी, प्रकाश मेहता,साइट प्रबन्धक अंकित कुमार श्रीवास्तव इंजीनियस क्रिएशन इंडिया आदि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें