आईआईटी दिल्ली के एग्जीक्यूटिव एमबीए में अल्मोड़ा के नवयुवक भावेश पांडे का चयन, क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण


अल्मोड़ा,

बमनखोला, जौहरी बाजार निवासी एवं वर्तमान में दुनिया की अग्रणी अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी बैक्टेल (Bechtel) में जिम्मेदार पद पर कार्यरत युवा इंजीनियर भावेश पांडे का चयन देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के एग्जीक्यूटिव एमबीए (Executive MBA) कार्यक्रम में हुआ है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से परिवार, मित्रों और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

भावेश पांडे ने राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), अल्मोड़ा से हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए जिले में शीर्ष स्थान प्राप्त कर पहले भी अल्मोड़ा का नाम गौरवान्वित किया। इसके बाद उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर से इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त की। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने विदेश में रहकर वहां की अग्रणी बहुराष्ट्रीय कंपनियों में अपनी सेवाएं दीं तथा अपने उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के आधार पर शीर्ष प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों (Top Performers) में स्थान बनाया।

आईआईटी दिल्ली का एग्जीक्यूटिव एमबीए कार्यक्रम देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन कार्यक्रमों में से एक माना जाता है। इसमें प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा और व्यक्तिगत साक्षात्कार जैसी चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। सीमित सीटों और प्रतिस्पर्धी चयन प्रक्रिया के कारण इसमें प्रवेश प्राप्त करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है।

भावेश पांडे की माता श्रीमती गौरा पांडे सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका हैं, जबकि उनके भाई आदेश पांडे अल्मोड़ा अर्बन कोऑपरेटिव बैंक, देहरादून में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। परिवार से मिले संस्कार, अनुशासन एवं शिक्षा के प्रति समर्पण ने उनकी इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

भावेश पांडे ने विशेष रूप से बमनखोला, जौहरी बाजार के अपने मित्र मोहित बिष्ट, हर्षवर्धन साह, मयंक कार्की,अमित जोशी, dikshit mishra तथा अपने पड़ोसी संजय वर्मा के निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन एवं प्रेरणा के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मित्रों और पड़ोसियों के विश्वास, सहयोग एवं उत्साहवर्धन ने उन्हें अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

भावेश पांडे की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Post a Comment

और नया पुराने