वियतनाम के फु क्वोक द्वीप (Phu Quoc Island) के पास भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट समुद्र के बीच अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण और दर्दनाक हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई है। वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास (Indian Embassy) ने घटना की पुष्टि करते हुए पीड़ितों की सहायता के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं।
हादसे के वक्त नाव में सवार थे 36 लोग
वियतनामी प्राधिकारियों के अनुसार, यह हादसा शनिवार सुबह उस समय हुआ जब पर्यटक आइलैंड हॉपिंग ट्रिप पर निकले थे। हादसे के वक्त स्पीडबोट पर 32 भारतीय पर्यटकों समेत कुल 36 लोग सवार थे, जिनमें 4 क्रू मेंबर्स (चालक दल) शामिल थे। होन थॉम रूट से एन थोई पोर्ट की ओर लौटते समय नाव समुद्र में अचानक अनियंत्रित हो गई और पलट गई।
युद्ध स्तर पर चलाया गया सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही वियतनाम बॉर्डर गार्ड्स, कोस्ट गार्ड और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए 21 लोगों को समंदर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि 15 भारतीय पर्यटकों के शव बरामद किए जा चुके हैं। समुद्र में उठी तेज और ऊंची लहरों को हादसे की प्राथमिक वजह माना जा रहा है।
मृतकों में अधिकांश तमिलनाडु के निवासी
न्यूज ऑन एअर (News on Air) की रिपोर्ट के मुताबिक, वियतनामी अधिकारियों द्वारा साझा की गई मृतकों की सूची में 13 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से 10 लोग तमिलनाडु के, 3 आंध्र प्रदेश के और 2 केरल के रहने वाले थे। यह भी सामने आया है कि हादसे के समय पर्यटकों ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी, जिसके कारण नाव पलटने पर लोग उसके नीचे ही फंस गए।
भारत सरकार और दूतावास अलर्ट, जारी किए हेल्पलाइन नंबर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। हनोई और हो ची मिन्ह सिटी में भारतीय दूतावास ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर:
- +84 36 281 7930
- +84 91 552 37 14
- +84 33 452 0414
- +84 91 308 9165
स्थानीय प्रशासन और भारतीय वाणिज्य दूतावास लगातार वियतनामी अधिकारियों के संपर्क में हैं ताकि शवों को जल्द से जल्द भारत लाने और घायलों के इलाज की उचित व्यवस्था की जा सके।
एक टिप्पणी भेजें