बीटीकेआईटी द्वाराहाट में एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ
द्वाराहाट। बिपिन त्रिपाठी कुमाऊँ प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी) द्वाराहाट में 77 यूके वाहिनी एनसीसी, अल्मोड़ा द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) और थल सेना कैंप ( TSC )का शुभारम्भ 9 जून से हो गया है। शिविर में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के कुल 500 एनसीसी कैडेट उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर कमान अधिकारी कर्नल जितेंद्र शर्मा ने कैडेटों को संबोधित करते हुए एनसीसी के उद्देश्यों, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कैडेटों को एनसीसी के सभी सामान्य विषयों एवं सेना से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान कैडेटों को आधुनिक सैन्य तकनीकों से परिचित कराने के लिए ड्रोन संचालन एवं उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त .22 रायफल फायरिंग, सिम्युलेटर फायरिंग, ड्रिल, योग एवं शारीरिक व्यायाम तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है।
शिविर का उद्देश्य कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास करना है। प्रशिक्षण गतिविधियों में कैडेट बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं और सैन्य जीवन की बारीकियों को सीख रहे हैं। शिविर आगामी दिनों में विभिन्न प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं व्यक्तित्व विकास गतिविधियों के साथ जारी रहेगा।
इस मौके पर एडमिनिस्ट्रेटिव अफसर लेफ्टिनेंट कर्नल जे सी पंत, सूबेदार मेजर जगदीश सिंह मेहता , कैप्टन महिपाल सिंह, कैप्टन विनोद कुमार , कैप्टन दया रावत ,लेफ्टिनेंट अशोक कुमार , सेकेंड अफसर अर्जुन सिंह, सेकेंड अफसर हीरा टम्टा , जानकी अधिकारी, सूबेदार देवेंद्र सिंह, सूबेदार जगदीश सिंह , नायक सूबेदार दलजीत सिंह, चन्द्र शेखर, कैलाश चंद, चंचल सिंह, चंदन सिंह , राजेन्द्र सिंह आदि शिविर संचालन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें