“सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के तहत मुख्य विकास अधिकारी ने किया ग्राम पंचायत काँटली का भ्रमण, पर्यटन विकास एवं आधारभूत सुविधाओं पर दिया जोर

अल्मोड़ा, 30 जून

मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने विकासखंड ताकुला की ग्राम पंचायत काँटली का भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं की समीक्षा की।

भ्रमण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने स्थानीय होमस्टे का निरीक्षण किया। उन्होंने होमस्टे संचालकों को पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्थानीय उत्पादों एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत उन्होंने पिनाथ ट्रेक का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि ग्राम क्षेत्र में वर्तमान में चार होमस्टे संचालित हैं। उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास पर बल दिया।



ग्रामीणों के साथ आयोजित बैठक में स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं एवं आवश्यकताओं से अवगत कराया। बैठक में सड़क संपर्क में सुधार, मोबाइल नेटवर्क सुविधा सुदृढ़ करने, स्थानीय युवाओं को नेचर गाइड के रूप में प्रशिक्षण प्रदान करने, पिनाथ ट्रेक मार्ग के विकास एवं आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा जल संस्थान की पेयजल पाइपलाइन से संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं का परीक्षण करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि मा० मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे स्थानीय जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और पर्यटन को भी बढ़ावा मिले

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे ।

Post a Comment

और नया पुराने