अल्मोड़ा में बड़ा हादसा टला: बीच सड़क पर कार बनी आग का गोला, बैंक कर्मी सहित तीन लोगों ने भागकर बचाई जान

 


अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट-चौखुटिया मार्ग पर शुक्रवार (12 जून 2026) शाम एक बड़ा हादसा होने से टल गया। ग्राम बैरती स्थित ग्रीन वैली रेस्टोरेंट के पास एक चलती कार (निसान मैग्नाइट) में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि कार सवार तीनों लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हालांकि, देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई।

क्लच खराब होने से चला पता:

जानकारी के अनुसार, काठगोदाम (नैनीताल) निवासी कपिल आर्या, जो वर्तमान में एसबीआई गौचर (चमोली) में कार्यरत हैं, अपने दो साथियों शुभम और निखिल कोहली के साथ गौचर से हल्द्वानी लौट रहे थे। शाम करीब 5:15 बजे ग्राम बैरती के पास अचानक कार (UK04AH3938) का क्लच काम करना बंद कर गया। कपिल ने जैसे ही कार सड़क किनारे रोकी और नीचे देखा, तो इंजन के पास से आग की लपटें उठ रही थीं।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने की मदद:

खतरा भांपते हुए कार सवारों ने तुरंत अपना जरूरी सामान बाहर निकाला। पास ही स्थित ग्रीन वैली रेस्टोरेंट के मालिक बालम सिंह नेगी और स्थानीय लोगों ने पानी के पाइप और मिट्टी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से पूरी कार में फैल गई। इसके बाद तत्काल 'डायल 112' पर पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा खतरा:

सूचना मिलते ही द्वाराहाट कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले दोनों ओर (द्वाराहाट और चौखुटिया मार्ग) से आने वाले वाहनों को सुरक्षित दूरी पर रुकवाकर यातायात रोका, ताकि कोई अन्य वाहन चपेट में न आए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

प्रथम दृष्टया यह एक आकस्मिक दुर्घटना मानी जा रही है। पुलिस ने वाहन स्वामी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाने में प्रार्थना पत्र देने को कहा है।

अल्मोड़ा पुलिस की अपील:

इस घटना के बाद अल्मोड़ा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वाहन में कोई भी तकनीकी खराबी या आग लगने जैसी स्थिति होने पर घबराएं नहीं। तुरंत सुरक्षित स्थान पर रुकें और मदद के लिए 'डायल 112' पर संपर्क करें। फिलहाल मार्ग पर यातायात सुचारु कर दिया गया है।

टिप्पणियाँ

"लोकप्रिय पोस्ट"

खेत बचाओ अभियान को जनांदोलन बनाने का आह्वान, किसानों ने लिया मिट्टी और कृषि संरक्षण का संकल्प किसानों के हित में हो रहा कार्य, बढ़ रही है आय: पुष्कर धामी l

राष्ट्रीय मुए-थाई चैंपियनशिप के प्रतिभागी खिलाड़ियों का हुआ सम्मान, बिट्टू कर्नाटक ने बढ़ाया हौसला

राजौरी में सैन्य अभियान के दौरान शहीद हुए लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

एसoएमo सीo गठन - नीलम देवी अध्यक्ष और प्रमिला देवी उपाध्यक्ष निर्वाचित l

ताड़ीखेत में निर्माणाधीन रोडवेज कार्यशाला एवं प्रस्तावित बस अड्डे का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण