देहरादून।
उत्तराखंड के कर्णप्रयाग के नगरासू में निहंग सिखों और प्रशासन के बीच हुए विवाद को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस इस मुद्दे पर आमने-सामने आ गई हैं। भाजपा ने इसके लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि कांग्रेस ने इसे सरकार और प्रशासन की विफलता बताया है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन ने कहा कि कांग्रेस लगातार समाज में भ्रम और तनाव फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे मुद्दों को राजनीतिक रंग देकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। भाजपा का कहना है कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं कांग्रेस नेता अमरजीत सिंह ने भाजपा सरकार पर पलटवार करते हुए कहा कि नगरासू की घटना सरकार और प्रशासन की नाकामी का परिणाम है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते स्थिति को संभालता तो विवाद इतना नहीं बढ़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बचने के लिए विपक्ष पर आरोप लगा रही है।
फिलहाल नगरासू विवाद को लेकर सियासी बयानबाजी तेज है। एक ओर भाजपा कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठा रही है।

एक टिप्पणी भेजें