देहरादून
उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा को लेकर बड़ा बयान देते हुए तीर्थयात्रियों की सुरक्षा पर जोर दिया है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को जल्दबाजी करने के बजाय अपनी यात्रा के दौरान बीच-बीच में विश्राम करना चाहिए।
मंत्री ने पहाड़ों पर चढ़ने वाले यात्रियों के लिए 'क्लाइमेटाइजेशन' (शरीर को अनुकूल ढालना) को बेहद जरूरी बताते हुए सलाह दी कि यात्री यात्रा के दौरान श्रीनगर और जोशीमठ जैसे स्थानों पर रुकें। उन्होंने कहा, "पहाड़ बहुत ऊंचे हैं और यात्री समुद्र की तलहटी से आते हैं, इसलिए ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शरीर को वहां के वातावरण के अनुकूल ढालना आवश्यक है।"
इसके अलावा, सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा के आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक करीब 40 लाख से ज्यादा लोगों ने दर्शन किए हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रियों के पंजीकरण के तहत अब तक कुल 52 लाख 82 हजार 124 तीर्थयात्रियों ने अपना पंजीकरण कराया है। यह एक बड़ी संख्या है और निश्चित रूप से बद्री विशाल और केदारनाथ जी के आशीर्वाद से इस साल रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से निवेदन किया कि वे अपनी सेहत का ध्यान रखें और सुरक्षित यात्रा करें।
