खबर बागेश्वर
बागेश्वर में पूर्व नगरपालिका सभासद धीरेंद्र परिहार उर्फ कक्कू हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, शराब के नशे में धीरेंद्र महिला के घर पहुंचे थे, जहां विवाद के बाद महिला ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर दो वार कर हत्या कर दी। इसके बाद अपने भाई की मदद से शव को कार में रखकर नदी में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद करने के साथ ही हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और कार भी बरामद कर ली है।
दरअसल, बागेश्वर के तल्ली बाजार बागनाथ निवासी 35 वर्षीय धीरेंद्र परिहार उर्फ कक्कू 17 अक्टूबर को घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों की ओर से 31 अक्टूबर को कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस के जरिए जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को नुमाइशखेत निवासी लता भंडारी के मोबाइल नंबर पर शक हुआ। जब पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात धीरेंद्र शराब के नशे में महिला के घर पहुंचे थे। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि धीरेंद्र द्वारा जबरदस्ती करने के प्रयास के बाद महिला ने गुस्से में आकर घर में रखी लोहे की रॉड से उनके सिर पर दो वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद महिला ने शव को चारपाई के नीचे छिपा दिया।
अगले दिन महिला ने अपने भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और रात के समय शव को कार की पिछली सीट पर रखकर बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग स्थित सुनाई बैंड के पास ले गए। जहां से शव को नीचे नदी में फेंक दिया।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के अनुसार, 3 नवंबर को दोनों आरोपियों की निशानदेही पर नदी के पास से धीरेंद्र का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और कार भी कब्जे में ले ली है।
गिरफ्तार आरोपियों में 42 वर्षीय लता भंडारी निवासी नुमाइशखेत और 39 वर्षीय त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू निवासी कठायतबाड़ा, बागेश्वर शामिल हैं। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 238 और 61(2) के तहत कार्रवाई की है।18 दिनों तक लापता रहे धीरेंद्र परिहार की हत्या का खुलासा होने के बाद पूरे बागेश्वर में सनसनी फैल गई है। जिस धीरेंद्र की तलाश में परिजन और परिचित लगातार जुटे थे, उनकी हत्या की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें