अल्मोड़ा, 12 अक्टूबर ,
'अल्मोड़ा लिट फेस्ट' के तत्वावधान में सोमवार को एक अत्यंत सफल और बौद्धिक स्तर पर समृद्ध अंतर-विद्यालयी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड के सबसे संवेदनशील और प्रासंगिक विषय "पहाड़ों से पलायन" को चुना गया था। इस वैचारिक महासंग्राम में क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से आईं कई टीमों के छात्र-छात्राओं ने अपनी तार्किक क्षमता और प्रखर वक्तव्य शैली का प्रदर्शन करते हुए बढ़-चढ़कर भाग लिया। युवाओं ने पर्वतीय क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक संकटों और उनके समाधानों पर अपने सारगर्भित विचारों तथा अकाट्य तर्कों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रख्यात वैज्ञानिक एवं लेखक डॉ. रमेश सिंह पाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रबुद्ध डॉ. दुर्गापाल एवं डॉ. हामिद, गिरीश मल्होत्रा डॉ नीरज पंत, प्रो आराधना शुक्ला जी मंच पर उपस्थित रहे, जिन्होंने युवाओं के इस बौद्धिक प्रयास की सराहना की। प्रतियोगिता के निष्पक्ष और पारदर्शी मूल्यांकन के लिए एक निर्णायक मंडल का गठन किया गया था, जिसमें क्षेत्र की जानी-मानी बौद्धिक विभूतियों—डॉ. मीता उपाध्याय, डॉ. गीता खोलिया और श्री रचित पंत ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
सभी प्रतिभागियों के बीच अंत तक चले अत्यंत रोमांचक वैचारिक मुकाबले में spring dales पब्लिक स्कूल (निहारिका पंचोली, भाविनी) ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर प्रतिष्ठित प्रथम स्थान प्राप्त किया। जी.जी.आई.सी. (खुशी सलाल, कनिष्का) एवं ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल (शानवी साह, शुभम जलाल) अल्मोड़ा ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि शारदा पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान (शारिका, दिव्यता वर्मा) पर रहा। विजेता टीमों के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों के बौद्धिक स्तर की निर्णायकों और दर्शकों द्वारा प्रशंसा की गई।
इस विशेष अवसर को और अधिक ऐतिहासिक बनाते हुए आयोजन समिति द्वारा आगामी 'अल्मोड़ा लिट फेस्ट 2026' के आधिकारिक पोस्टर का भव्य अनावरण भी किया गया, जिसने भविष्य के भव्य आयोजनों की रूपरेखा को सामने रखा। संपूर्ण कार्यक्रम का अत्यंत सुव्यवस्थित और संचालन सुश्री मीनाक्षी पाठक द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे| आयोजक टीम से डॉ. वसुधा पंत, श्री जयमित्र बिष्ट, श्री दीपक जोशी, श्री भूषण पांडे, कांति जोशी एवं श्री मनोज गुप्ता आदि शामिल थे। सभी उपस्थित अतिथियों ने नई पीढ़ी को ऐसा रचनात्मक और सामाजिक चेतना का मंच प्रदान करने के लिए लिट फेस्ट की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें