अल्मोड़ा-नगर निगम अल्मोड़ा के नंदा देवी वार्ड के अंतर्गत धारानौला स्टेशन क्षेत्र में जल्द ही आर ओ वाटर कूलर स्थापित किया जाएगा। मुख्य स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं पर्यटकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा स्थान का चयन कर आवश्यक सफाई एवं निरीक्षण की कार्रवाई पूरी कर ली गई है।आरओ वाटर कूलर स्थापित किए जाने की पहल को लेकर स्थानीय जनता, व्यापारियों एवं टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों ने नगर निगम के इस सराहनीय कार्य का स्वागत किया। उन्होंने महापौर अजय वर्मा, नगर आयुक्त एवं स्थानीय पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट ‘चीमा’ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धारानौला स्टेशन पर आर ओ लगने से यात्रियों और पर्यटकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा तथा पेयजल की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी।स्थानीय लोगों ने कहा कि धारानौला स्टेशन अल्मोड़ा आने-जाने वाले यात्रियों एवं पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसे में यहां शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध होना आम जनता के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।स्थानीय पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट ‘चीमा’ ने कहा कि वार्ड के नागरिकों ,यात्रीगणों ,स्थानीय व्यापारी एंव टैक्सी यूनियन की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम के सहयोग से यह कार्य जल्द पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जनसुविधाओं के विस्तार के लिए आगे भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें