अल्मोड़ा में कुदरत का कहर: हवालबाग के वडूय्या में मकान जमींदोज, मलबे में दबने से दो महिलाओं और बच्चे की दर्दनाक मौत।

अल्मोड़ा। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश आफत बनकर बरस रही है। अल्मोड़ा जिले के हवालबाग ब्लॉक के वडूय्या गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां भारी बारिश के कारण एक आवासीय मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबने से दो महिलाओं और एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।


हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें तुरंत राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। मलबे को हटाकर तीनों शवों को बाहर निकाला गया। इस प्राकृतिक आपदा का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भारी बारिश के चलते हुआ यह विनाश साफ देखा जा सकता है।

राहत और बचाव कार्य जारी



प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते यह दुर्घटना हुई है। मलबे में अन्य किसी व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीम गहन सर्च ऑपरेशन चला रही है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और जर्जर मकानों के ढहने का खतरा लगातार बना हुआ है।

प्रशासन ने जारी की चेतावनी

उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग ने अल्मोड़ा समेत कई संवेदनशील पर्वतीय जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और भूस्खलन प्रभावित या पुराने-कमजोर मकानों से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं। किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्थानीय आपदा कंट्रोल रूम को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सुबह में 3:30 बजे हुआ हादसा

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, घटना 1 सितंबर 2026 की सुबह लगभग 3:30 बजे की है। रात में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मकान अचानक गिर गया। घर में सो रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे मलबे के नीचे दब गए।



मृतकों का विवरण:

हादसे में जान गंवाने वाले तीनों व्यक्ति ग्राम सभा बड़यूड़ा (पातलीबगड़), तहसील सोमेश्वर के निवासी थे:

श्रीमती प्रेमा देवी (42 वर्ष) - पत्नी राजेन्द्र राम

कल्पना आर्या (19 वर्ष) - पुत्री राजेन्द्र राम

मनीष कुमार (18 वर्ष) - पुत्र राजेन्द्र राम

बचाव टीम ने शुरू किया रेस्क्यू कार्य



घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन विभाग, SDRF, पुलिस, फायर ब्रिगेड और राजस्व विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासियों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे से तीनों शवों को बाहर निकाला गया। जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र अल्मोड़ा ने बताया कि क्षेत्र में अभी भी सतर्कता बरती जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने