ग्राम प्रधानों ने बीडीओ कार्यालय में सांकेतिक तालाबंदी की, 17 अगस्त से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान।

 


अल्मोड़ा। हवालबाग विकासखंड की समस्याओं के समाधान को लेकर ग्राम प्रधान संगठन का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आया। मासिक बैठक में अधिकारियों के अनुपस्थित रहने से नाराज प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय में सांकेतिक तालाबंदी की और चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 17 अगस्त से विकासखंड कार्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी शुरू की जाएगी। प्रधान संगठन के प्रदेश महामंत्री एवं ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल ने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी विकासखंड स्तर की बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहते हैं, जिससे प्रधानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। कर्मचारी क्षेत्र में मौजूद नहीं रहते हैं जिससे गाँवों में कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानों को दोयम दर्जे पर रखा जा रहा है, जिसका सीधा असर गांवों के विकास कार्यों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक जिला स्तरीय अधिकारी समस्याओं का समाधान नहीं करते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह मेहरा और मंत्री प्रमोद जोशी ने कहा कि विकासखंड के अधिकारियों और कर्मचारियों में प्रधानों के साथ समन्वय का अभाव है। बिना प्रधानों को विश्वास में लिए पंचायत सचिवों के तबादले किए जा रहे हैं, जो संवादहीनता को दर्शाता है। संगठन के महामंत्री विनोद जोशी ने ग्राम पंचायत बैठकों के प्रस्ताव ऑनलाइन अपलोड नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रस्ताव पोर्टल पर दर्ज नहीं होने से विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। वहीं प्रधान मोहन सिंह ने वीबीजी रामजी योजना में मजदूरी बढ़ाने तथा ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों के लिए अधिक वित्तीय प्रावधान करने की मांग की। उपाध्यक्ष चंद्रिका तिवारी ने वीबीजी रामजी योजना में ऑनलाइन के बजाय ऑफलाइन व्यवस्था लागू करने की मांग की। बैठक में उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, ममता जोशी समेत कई प्रधानों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। इसके बाद प्रधानों ने बीडीओ कार्यालय में सांकेतिक तालाबंदी कर 17 अगस्त से अनिश्चितकालीन तालाबंदी और आंदोलन शुरू करने की घोषणा की। इस दौरान शिवराज सिंह नयाल, प्रकाश चंद्र, हेम चंद्र जोशी, पंकज रौतेला, वीरेंद्र राणा सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने