नेपाल में भूस्खलन के बाद भोटेकोशी नदी में भीषण बाढ़, 105 भारतीयों समेत 1,500 लापता; भारी तबाही उत्तराखण्ड के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी । ।

 


काठमांडू: तिब्बत सीमा से लगे मध्य नेपाल के जिलों में अचानक आई प्रलयंकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, अब तक दो दर्जन से अधिक शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 105 भारतीय नागरिकों और 44 सेना के जवानों सहित करीब 1,500 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

बाढ़ का मुख्य कारण

उपग्रह तस्वीरों और प्रारंभिक अध्ययन रिपोर्टों के अनुसार, तिब्बत-रसुवागढ़ी सीमा क्षेत्र से लगभग 20 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित अस्थिर पहाड़ी चट्टानों के खिसकने और भूस्खलन के कारण लेंडे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसके बाद तिमुरे के रास्ते भीषण पानी और मलबे का सैलाब भोटेकोशी से होते हुए त्रिशूली नदी तक फैल गया।  



भीषण तबाही और प्रभावित क्षेत्र  

प्रभावित जिले: बाढ़ का सबसे भयानक असर रसुवा, धादिंग, नुवाकोट और चितवन जिलों में देखने को मिला है। सबसे अधिक तबाही काठमांडू से 125 किमी उत्तर-पूर्व रसुवा में हुई है।  

पुल और बुनियादी ढांचा: बाढ़ के तेज बहाव में चार स्थायी और कई अस्थायी पुल बह गए हैं, जिससे संपर्क पूरी तरह कट गया है।  

जलविद्युत परियोजनाएं ध्वस्त: इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन नेपाल (IPPAN) के अनुसार, नुवाकोट और रसुवा में 354 मेगावाट क्षमता की 8 चालू और 5 निर्माणाधीन परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। मुख्य रूप से रसुवागढ़ी (111 MW), संजेन खोला (78 MW) और अपर त्रिशूली-3A (60 MW) को भारी नुकसान पहुंचा है।  



पर्यटक और सुरक्षाकर्मी लापता

नेपाल की प्रतिनिधि सभा में विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने बताया कि बचाव कार्य में लगे नेपाल सेना के 44 जवानों समेत करीब 80 सुरक्षाकर्मी लापता हैं। वहीं नेपाल पर्यटन बोर्ड (NTB) के अनुसार, रसुवा से कुल 384 यात्री लापता हैं, जिनमें 105 भारतीय, अन्य 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं।  



अंतरराष्ट्रीय मदद

इस भयानक प्राकृतिक आपदा के बाद नेपाल की मदद के लिए वैश्विक स्तर पर हाथ बढ़ाए जा रहे हैं। विभिन्न देशों से राहत और बचाव दलों का पहुंचना शुरू हो गया है।  



*सूचना*

देहरादून। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति को देखते हुए उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने उत्तराखण्ड के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।



यदि कोई उत्तराखण्ड का नागरिक नेपाल के प्रभावित क्षेत्र में फंसा हुआ है अथवा कोई किसी व्यक्ति के संबंध में कोई जानकारी साझा करना चाहता है, तो राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून के इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून के हेल्पलाइन नंबर:

0135-2710334, 2710335

2664314, 2664315, 2664316

8218867005


इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1070 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Post a Comment

और नया पुराने