जवाहर नवोदय विद्यालय पोखल में कीर्तिनगर ब्लॉक के चार मेधावी चयनित, क्षेत्र में उत्साह

 


जवाहर नवोदय विद्यालय, पोखाल की कक्षा-6 प्रवेश परीक्षा 2026 के परिणाम में विकासखंड कीर्तिनगर के अंतर्गत आदर्श प्राथमिक विद्यालय मलेथा के चार विद्यार्थियों ने सफलता का परचम लहराया है। इस उपलब्धि से समूचे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

चयनित विद्यार्थियों में मलेथा निवासी शिवम भट्ट पुत्र श्री अनिल भट्ट एवं शुभम पुत्र श्री राजेंद्र  ग्राम गढ़ निवासी आर्यन पंवार पुत्र श्री दीपक पंवार तथा कीर्तिनगर से एक बालिका शामिल हैं। सभी सफल छात्र-छात्राएं बुधवार को विद्यालय परिवार के सानिध्य में जवाहर नवोदय विद्यालय पोखाल स्थित हॉस्टल के लिए रवाना हुए।

इस अवसर पर आदर्श प्राथमिक विद्यालय मलेथा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बीरेंद्र सिंह बिष्ट ने बच्चों को तिलक लगाकर व मिष्ठान खिलाकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि के इन बच्चों ने कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

कार्यक्रम में श्री गणेश प्रसाद भट्ट, श्री अनिल लिंगवाल, श्री नीरज प्रेमी, श्री विक्रम भारती एवं श्रीमती दीप्ति आर्या सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अभिभावकों एवं ग्रामवासियों ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों का आभार व्यक्त किया और बच्चों को आशीर्वाद दिया।

Post a Comment

और नया पुराने