पेपर लीक की घटनाएं और परीक्षा प्रणाली की खामियों ने लाखों छात्रों एवं उनके अभिभावकों गहरी चिंता में : गुड्डू भोज।

                                   

अल्मोड़ा 

आज कांग्रेस कार्यालय में प्रेस से बात करते कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डू भोज ने कहा कि  देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET को लेकर बार-बार सामने आ रहे विवाद, पेपर लीक की घटनाएं और परीक्षा प्रणाली की खामियों ने लाखों छात्रों एवं उनके अभिभावकों को गहरी चिंता में डाल दिया है। आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहा है। वर्षों की कड़ी मेहनत, दिन-रात की पढ़ाई और परिवारों द्वारा किए गए आर्थिक त्याग के बावजूद यदि परीक्षा की निष्पक्षता पर ही सवाल खड़े हो जाएं, तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।

कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही युवाओं के साथ अन्याय है। पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों की घटनाएं लगातार सामने आई हैं। इससे देश के करोड़ों युवाओं का विश्वास सरकारी संस्थाओं से उठता जा रहा है।

उन्होंने कहा  NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में यदि किसी प्रकार की अनियमितता होती है तो उसका सीधा असर उन लाखों छात्रों पर पड़ता है जो डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं। एक छात्र कई वर्षों तक तैयारी करता है, परिवार अपनी जमा पूंजी उसकी पढ़ाई पर खर्च करता है, लेकिन जब परीक्षा प्रक्रिया ही संदिग्ध हो जाए तो उनकी मेहनत पर प्रश्नचिह्न लग जाता है।

जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा केंद्र सरकार से पूछना चाहती है कि आखिर बार-बार परीक्षा प्रणाली में ऐसी खामियां क्यों सामने आ रही हैं? युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? यदि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियां रोकने में संबंधित एजेंसियां असफल रही हैं तो उनकी जवाबदेही तय क्यों नहीं की जा रही?

हम मांग करते हैं कि:

• NEET से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए।

• पेपर लीक या अन्य अनियमितताओं में शामिल सभी व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

• परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाए।

• भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर पर मजबूत व्यवस्था बनाई जाए।

• छात्रों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए उनकी चिंताओं का समाधान किया जाए।

भोज ने  कहा आज देश का युवा रोजगार, भर्ती परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं से परेशान है। सरकार को यह समझना होगा कि युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो युवाओं का विश्वास पूरी तरह से टूट जाएगा।

कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों और युवाओं की आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। हम सरकार से मांग करते हैं कि इस गंभीर विषय पर राजनीति से ऊपर उठकर छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

अंत में मैं सभी छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। युवाओं की मेहनत, प्रतिभा और सपनों की रक्षा के लिए हम हर स्तर पर संघर्ष करते रहेंगे।

और नया पुराने