देहरादून -30 जून
आज यहां एस एस बी प्रशिक्षित गुरिल्ला संगठन के प्रतिनिधियों से अपर सचिव मुख्यमंत्री जगदीश कांडपाल से वार्ता के बाद गुरिल्लों ने 30जून से प्रस्तावित आंदोलन 15दिन के लिए स्थगित कर दिया। वार्ता में संगठन के प्रतिनिधियों को अपर सचिव ने आश्वासन दिया कि गुरिल्लों के समायोजन हेतु 20 दिसंबर 2023को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में विभिन्न विभागों को दिये गये निर्देशों पर कार्यवाही न होने की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए तीन दिन के भीतर पुनः नये निर्देश जारी कराये जायेंगे। इस पर संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि नये निर्देश के साथ साथ सभी विभागीय अधिकारियों की संगठन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कराने से ही समुचित समाधान हो सकता है इसलिए 15दिन के भीतर एक बैठक का आयोजन किया जाय। मुलाकात के बाद जैन धर्मशाला में गुरिल्लों ने बैठक करते हुए निर्णय लिया कि यदि 15दिन के भीतर सरकार द्वारा कार्यवाही नही की जाती है तो 20-21जुलाई को संगठन की बैठक कर सरकार की कार्यवाही की समीक्षा करते आंदोलन की नई रणनीति तय की जायेगी। आज वार्ता में ब्रह्मा नन्द डालाकोटी,महाबीर रावत, सुनील पुंढौला, ललित बगौली, बीरेंद्र रावत, दिनेश गैरोला, सुलोचना वर्तवाल,बीना चौहान,तथा बैठक में मान सिंह नेगी, पीताम्बर मेलकानी,इलम पवार ,गिरीश कफल्टिया, मोहन खर्कवाल,बलवंत सिंह, केदार दत्त सुतेड़ी, प्रेमलाल, गुरू प्रसाद बहुगुणा सहित भारी संख्या में गुरिल्ला उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें